महत्वपूर्ण बिन्दु  ---
  • हमारे आसपास प्रतिदिन अनेक परिवर्तन होते हैं ।
  • दूध से दही बनना , गोबर तथा मृत पौधों से खाद बनना वांछनीय परिवर्तन हैं , क्योंकि हम चाहते हैं कि इस प्रकार के परिवर्तन हों ।
  • ऐसे परिवर्तन जिसे हम चाहते हैं कि वे परिवर्तन न हों , वे अवांछनीय परिवर्तन कहलाते हैं , जैसे - किसी मकान या फैक्ट्री में आग लगना ।
  • ऐसे परिवर्तन जो कि नियमित रूप से होते हैं तथा किसी निश्चित अवधि के बाद बार - बार होते हैं , आवर्ती परिवर्तन कहलाते हैं , जैसे - ऋतु परिवर्तन ।
  • ऐसे परिवर्तन , जो कि नियमित रूप से या किसी निश्चित अवधि के बाद नहीं होते हैं , अनावर्ती परिवर्तन कहलाते हैं , जैसे - मौसम में परिवर्तन ।
  • यदि किसी परिवर्तन का विपरीत परिवर्तन सम्भव हो , तो उस प्रकार के परिवर्तन उत्क्रमणीय परिवर्तन कहलाते हैं ।
  • यदि किसी परिवर्तन का विपरीत परिवर्तन सम्भव न हो , तो उसे अनुत्क्रमणीय परिवर्तन कहते हैं ।
  • भौतिक परिवर्तन वे परिवर्तन होते हैं , जिनमें कोई नए पदार्थ नहीं बनते हैं , बल्कि अवस्था , आकार तथा आकृति में परिवर्तन होते हैं ।
  • रासायनिक परिवर्तन वे परिवर्तन होते हैं , जिनमें नए पदार्थ बनते हैं ।
  • किसी परिवर्तन में या तो ऊष्मा अवशोषित होती है या उत्सर्जित होती है ।
  • हमारे आस - पास होने वाले परिवर्तनों को मन्द , तीव्र , आवर्ती , अनावर्ती , वांछनीय , अवांछनीय , उत्क्रमणीय , अनुत्कमणीय , भौतिक एवं रासायनिक परिवर्तनों में वर्गीकृत किया जा सकता है ।
  • किसी परिवर्तन के होने का कोई न कोई कारक होता है । इस कारक को समझकर हम परिवर्तन को कुछ सीमा तक नियन्त्रित कर सकते हैं ।



अभ्यास
 प्रश्न 1.  जब आप जलमग्न इलाके में घूमते हैं तो अपनी पोशाक को मोड़कर उसकी लम्बाई कम कर लेते हैं । क्या इस परिवर्तन को उत्क्रमित किया जा सकता है ?
उत्तर -  हाँ । इस परिवर्तन को उत्क्रमित किया जा सकता है ।

प्रश्न 2.  अकस्मात् आपका प्रिय खिलौना गिरकर टूट जाता है । आप कतई इस परिवर्तन को नहीं चाहते थे । क्या यह परिवर्तन उत्क्रमित किया जा सकता है ?
 उत्तर -  नहीं । इस परिवर्तन को उत्क्रमित नहीं किया जा सकता है ।

 प्रश्न 3.  नीचे दी गई सारणी में कुछ परिवर्तन दिए गए हैं । प्रत्येक परिवर्तन के सामने रिक्त स्थान में लिखिए कि वह परिवर्तन उत्क्रमित किया जा सकता है अथवा नहीं ।
उत्तर  -
क्र.सं. परिवर्तन उत्क्रमित किया जा सकता है ( हाँ /नहीं )
1 . लकड़ी के टुकड़े चीरना          नहीं
2 . आइस्क्रीम का पिघलना.          हाँ
3 . चीनी का जल में घुलना            हाँ
4 . खाना पकाना                         नहीं
5 . आम का पकना                     नहीं
6 . दूध का दही में जमना              नहीं

प्रश्न 4.  चित्रकारी करने पर ड्राइंग शीट में परिवर्तन हो जाता है । क्या आप इस परिवर्तन को उत्क्रमित कर सकते हैं ?
उत्तर -  यदि चित्र पेन्सिल से बनाया जाता है , तो इसे रबड़ से मिटाया जा सकता है । इस प्रकार परिवर्तन को उत्क्रमित किया जा सकता है ।
   लेकिन यदि चित्र रंगों से बनाया जाता है तो परिवर्तन को उत्क्रमित नहीं किया जा सकता है ।

प्रश्न 5.  उदाहरण देकर उत्क्रमित किए जाने वाले तथा उत्क्रमित न किए जाने वाले परिवर्तनों में अन्तर स्पष्ट कीजिए ।
उत्तर - कुछ परिवर्तन उत्क्रमित किए जा सकते हैं , जैसे :
(1) गिलास में जल भरना ।
(2) दरवाजा खोलना या बन्द करना ।
कुछ परिवर्तनों को उत्क्रमित नहीं किया जा सकता , जैसे :
(1) दूध से दही का जमना । (2) फल का पकना ।

प्रश्न 6.  टूटी हुई हड्डी पर बँधी पट्टी के ऊपर प्लास्टर ऑफ पेरिस ( POP ) की एक मोटी परत चढ़ाई जाती है । सूखने पर यह कठोर हो जाती है , जिससे टूटी हड्डी हिलती नहीं है । क्या POP में हुए इस परिवर्तन को उत्क्रमित कर सकते हैं ?
उत्तर -  नहीं । POP में परिवर्तन को उत्क्रमित नहीं किया जा सकता है ।

 प्रश्न 7.  रात्रि में एक सीमेण्ट की बोरी जो कि खुले मैदान में रखी हुई थी , वर्षा के कारण भीग जाती है । अगले दिन तेज धूप निकलती है । सीमेण्ट में जो परिवर्तन हो गया है , क्या उसे उत्क्रमित कर सकते हैं ?
उत्तर -  नहीं । सीमेण्ट में उत्पन्न परिवर्तन को उत्क्रमित नहीं किया जा सकता है ।


अतिरिक्त महत्वपूर्ण प्रश्नोत्तर


प्रश्न 1.   तीव्र परिवर्तन के दो उदाहरण दीजिए ।
उत्तर -  तीव्र परिवर्तन
उदाहरण - (1) गुब्बारे का फूलना । (2) माचीस की तीली का जलना ।

प्रश्न 2.   फूलों का खिलना एवं फलों का पकना किस प्रकार का परिवर्तन है ?
उत्तर - मन्द परिवर्तन ।

प्रश्न 3.   उत्क्रमणीय एवं अनुत्क्रमणीय परिवर्तन के दो - दो उदाहरण लिखिए ।
 उत्तर - उत्क्रमणीय परिवर्तन -

(1) स्प्रिंग को खींचना ।
(2) मोम को गर्म करने पर पिघलना व ठण्डा करने पर मोम में परिवर्तन ।

अनुत्क्रमणीय परिवर्तन -

(1) आयु का बढ़ना ।
(2) पेड़ से फल का जमीन पर गिरना ।

प्रश्न 4.   उत्क्रमणीय एवं अनुत्क्रमणीय परिवर्तन में अन्तर स्पष्ट कीजिए ।
उत्तर  -  उत्क्रमणीय परिवर्तन   - 
   
 जिन परिवर्तनों के   विपरीत दिशा में परिवर्तन सम्भव है । वे उत्क्रमणीय  परिवर्तन कहलाते है ।
उदा . स्प्रिंग को खींचना है ।

अनुत्क्रमणीय परिवर्तन -

जिन परिवर्तनों के विपरीत  परिवर्तन सम्भव नहीं होते है  वे अनुत्क्रमणीय परिवर्तन कहलाते है  ।
उदा . आयु का बढ़ना ।

प्रश्न 5.   आपके चारों ओर होने वाले परिवर्तनों पर टिप्पणी कीजिए ।
उत्तर - हमारे चारों ओर बहुत - से परिवर्तन अपने - आप होते रहते हैं । खेतों में फसलें समयानुसार बदलती रहती हैं । पत्तियाँ रंग बदलती हैं और सूखकर पेड़ों से गिर जाती हैं । फूल खिलते हैं और फिर मुरझा जाते हैं । हमारे शरीर में भी अनेक परिवर्तन होते हैं । हमारे नाखून बढ़ते हैं , हमारे बाल बढ़ते हैं , हम बढ़कर लम्बे हो जाते हैं तथा बढ़ने के साथ ही हमारा वजन भी बढ़ता जाता है । हम महसूस करते हैं कि हमारे चारों ओर हर समय बहुत से परिवर्तन होते रहते हैं ।